सीतापुर (उत्तर प्रदेश): जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के कड़े निर्देशों के क्रम में जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों के निकट पर्यवेक्षण में विशेष अभियान चलाया। इस संयुक्त धरपकड़ अभियान के दौरान न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट में फरार चल रहे और विभिन्न संगीन मुकदमों में वांछित कुल 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
वहीं कमलापुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी शिवम चौहान को गिरफ्तार किया। सदरपुर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में वांछित गोलू उर्फ अफजल को दबोचा। इसके अतिरिक्त इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने चार, तालगांव पुलिस ने तीन और कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी व अन्य मामलों के दो वारंटियों को पकड़ा। मछरेहटा और महमूदाबाद पुलिस ने भी एक-एक पुराने वारंटी को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और वांछितों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



0 टिप्पणियाँ