अनिल मिश्रा
लहरपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): लहरपुर विकास खंड के ग्राम दरियापुर में पशुपालन विभाग ने संक्रामक लंपी त्वचा रोग की रोकथाम के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। सोमवार को आयोजित इस अभियान के तहत गांव तथा स्थानीय गो-आश्रय स्थल में मौजूद कुल 350 गोवंशों को लंपी रोधी टीका लगाया गया। इसके साथ ही पशुपालकों व गौशाला संचालकों को इस बीमारी के प्रसार और उससे बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. भारतेंदु कुमार ने जोर देकर कहा कि लंपी जैसे घातक संक्रामक रोग से बचाव का एकमात्र पुख्ता जरिया समय पर टीकाकरण ही है। उन्होंने पशुपालकों से आह्वान किया कि वे अपने पशुओं को स्वच्छ परिवेश में रखें। संक्रमण रोकने के लिए बाड़ों में चूने व फिटकरी के पानी का छिड़काव करने, नीम का धुआं सुलगाने तथा पशुओं को जूं व किलनी से मुक्त रखने की सलाह दी गई।
टीकाकरण दल में डॉ. भारतेंदु वर्मा, रितेश राज, ज्ञानेंद्र कुमार और रंजीत कुमार सहित कई स्थानीय पशुपालक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ