#सीतापुर:सेवा संकल्प अभियान: 17 सितम्बर से शुरू होगा जन-जागरूकता अभियान, योजनाओं से जुड़ेंगे पात्र परिवार.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' का आयोजन किया जाएगा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर पात्र व्यक्ति तक सुगमता से पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अभियान को प्रभावी और जनोपयोगी बनाने के लिए गुरुवार को समीक्षा बैठकें आयोजित कर रूपरेखा तय की गई।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने साझा की कार्ययोजना

अभियान के क्रियान्वयन को लेकर पहली बैठक सेवता विधायक ज्ञान तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, बिसवां विधायक निर्मल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर और सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने जोर दिया कि अभियान में जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।

पारदर्शिता और समयबद्धता पर डीएम का जोर

तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने विभागवार कार्यों की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थियों के चयन और सत्यापन का कार्य पूरी निष्पक्षता व पारदर्शिता से किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी जागरूकता

योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। बैठकों में तय किया गया कि शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र परिवारों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे अभियान का उद्देश्य पूरा हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ