#सीतापुर:सड़क चौड़ीकरण और जलभराव से निजात की कवायद,नाले से साफ हुआ अवैध अतिक्रमण.

सीतापुर(संवाददाता): नगर पालिका प्रशासन ने शहर की चरमराती जल निकासी और संकरी सड़कों को दुरुस्त करने के लिए अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को रंपा महल-वाल्दा मार्ग पर नाले की जमीन पर अवैध रूप से काबिज अतिक्रमण कारियों खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कहा सुनी देखने को मिली।

कार्रवाई के वक्त मौके पर भारी पुलिस बल के साथ प्रभारी अधिशासी अधिकारी व न्यायिक एसडीएम सीमा सिंह और सदर एसडीएम डॉ. जनार्दन कुमार मौजूद रहे। पालिका का दस्ता पहुंचते ही स्थानीय दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। प्रभावित दुकानदारों का कहना था कि वे बीते दो दशकों से यहां खोखा और पटरी दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। बिना ठोस विकल्प के इस तरह अचानक की गई कार्रवाई से उनकी रोजी-रोटी पर संकट गहरा गया है।

प्रशासनिक दल ने स्थिति को संभालते हुए किसी भी दबाव में आए बिना नाले पर किए गए अतिक्रमण को जमींदोज करवा दिया। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि शहर में जलभराव की गंभीर समस्या और यातायात अवरोध को खत्म करने के लिए सार्वजनिक जमीन को खाली कराना अपरिहार्य है। नालों के बहाव को बाधित करने वाले किसी भी अतिक्रमण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ