सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद न्यायाधीश आशीष जैन के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव ने गुरुवार दोपहर जिला कारागार का साप्ताहिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैरकों से लेकर अस्पताल तक की व्यवस्थाएं परखीं।
सचिव ने महिला व बच्चा बैरक का जायजा लेते हुए साफ-सफाई की स्थिति देखी, जो संतोषजनक मिली। पाकशाला की जांच में शाम का भोजन तय मेन्यू के अनुसार बनता पाया गया। बंदियों ने बताया कि उन्हें समय पर पौष्टिक भोजन और नाश्ता मिल रहा है। दरी बुनाई कार्यशाला में कारीगर बंदियों ने जरूरी सामग्री पर्याप्त मात्रा में मिलने की बात कही।
जेल अस्पताल में भर्ती बीमार बंदियों से सचिव ने उनके इलाज और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। इसके बाद लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया, जहां जेलर ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा तैनात शिक्षक बंदियों को नियमित निःशुल्क पढ़ा रहे हैं। व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर उन्होंने संतोष जताया।


0 टिप्पणियाँ