#सीतापुर:सम्पूर्ण समाधान दिवस: सिधौली में डीएम-एसपी ने सुनीं समस्याएं, 43 मामलों का मौके पर निस्तारण.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनसमस्याओं के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की सातों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सिधौली तहसील में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने फरियादियों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं।

डीएम ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल और लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर मौके पर पहुंचकर गुणवत्ता के साथ हल करें, ताकि पात्रों को समय पर लाभ मिल सके।

समाधान दिवस में सिधौली में प्राप्त 272 मामलों में से 43 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं सदर में 55 में से 6, महोली में 31 में से 6, मिश्रिख में 54 में से 6, महमूदाबाद में 36 में से 7, लहरपुर में 39 में से 4 और बिसवां में 48 में से 7 मामलों का मौके पर समाधान हुआ। शेष सभी प्रार्थना-पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के सख्त निर्देश दिए गए। मौके पर एसडीएम अवनीश मिश्रा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ