सिधौली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): विकास खंड सिधौली के ग्राम पंचायत तड़ई कलां में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। पंचायत भवन में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्र के दौरान अनियमितताएं मिलने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया।
सत्र के दौरान डीएम ने वैक्सीनेशन किट, आइस बॉक्स और बीपी मशीन की जांच की तथा गर्भवती महिलाओं से संवाद किया। एचआरपी ट्रैकिंग रजिस्टर व अन्य अभिलेखों में गंभीर लापरवाही मिलने पर डीएम ने एएनएम को नोटिस जारी करते हुए 15 दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्री को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पंचायत भवन में आय-जाति प्रमाण पत्र व पुस्तकालय अभिलेखों में गड़बड़ी और दस्तावेज नदारद मिलने पर पंचायत सहायक तथा बैठकों का विवरण अधूरा रहने पर ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर भी मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ