#सीतापुर:जांच के बाद मेडिकल स्टोर के पीछे संचालित अवैध क्लीनिक सील, संचालक पर मुकदमा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रामपुर मथुरा क्षेत्र के ग्राम बसावनपुर में एक मेडिकल स्टोर की जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने पीछे चल रहे अवैध क्लीनिक को सील कर दिया। पर्वतपुर चौराहा स्थित 'विद्या मेडिकल स्टोर' में प्रसव के दौरान एक महिला और नवजात की मौत के मामले के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया।

मामले की जानकारी पर ग्रामीणों और परिजनों ने चौराहे पर एकत्रित होकर विरोध जताया था। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर के पीछे बने एक अलग कमरे में बिना वैध लाइसेंस व पंजीकरण के चिकित्सीय उपकरण और प्रसव संबंधी सामग्री पाई गई।

प्रशासनिक टीम ने उक्त कमरे को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक अजय सिंह के विरुद्ध बीएनएस की धारा 105 और एनएमसी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संचालक की तलाश जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ