शिक्षक दिवस: सीतापुर में 40 शिक्षकों का सम्मान, कलेक्ट्रेट में मंत्रियों ने सौंपा प्रशस्ति पत्र.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपने विद्यालयों में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 शिक्षकों, 2 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय वार्डन, 2 उत्कृष्ट एआरपी और एसआरजी सदस्यों को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ कारागार राज्य मंत्री, नगर विकास राज्य मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष, एमएलसी तथा नगर पालिका अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कंपोजिट विद्यालय जमैयतपुर के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत पर्यावरणीय पौधे, बुके और स्थानीय ओडीओपी उत्पाद 'दरी' भेंट कर किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस संबोधन का सजीव प्रसारण देखा। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और बेसिक शिक्षा में हो रहे गुणात्मक सुधार में उनका योगदान अतुलनीय है। जिला मुख्यालय के साथ-साथ जनपद के प्रत्येक विकास खंड में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्मान समारोह आयोजित किए गए।

सभागार में अपर जिलाधिकारी, डायट खैराबाद के वरिष्ठ प्रवक्ता, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, शिक्षक और छात्र-छात्राओं सहित करीब 300 लोग उपस्थित रहे। अंत में बीएसए ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ