सीतापुर(संवाददाता):शहर के लालबाग पार्क में चल रहे ‘लालबाग के राजा’ गणेश महोत्सव में मंगलवार रात भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध कलाकार कपिल बावरा की टीम ने श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण और भगवान भोलेनाथ की जीवंत पौराणिक झांकियों का मनमोहक मंचन किया। देर रात तक चले इन कार्यक्रमों में पूरा पंडाल जयकारों और तालियों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान नगर पालिकाध्यक्ष नेहा अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष व संरक्षक राजेश शुक्ला और नमींद्र अवस्थी ने गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
समिति अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद रस्तोगी 'पालू', गप्पू रस्तोगी, अंकुर रस्तोगी और अजय जाधव ने बताया कि बुधवार को बप्पा को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। गुरुवार को महाआरती के साथ 5100 भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा। वहीं, शुक्रवार को बप्पा की भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली जाएगी, जिसके उपरांत नैमिषारण्य के देव देवेश्वर तीर्थ में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। व्यवस्था में सुधीर पांडेय, दयाशंकर, संजू व रोहित रस्तोगी सहित अन्य सदस्य जुटे रहे।


0 टिप्पणियाँ