डीएम ने कोटे की दुकान का किया औचक निरीक्षण, पूर्ति निरीक्षक से मांगा स्पष्टीकरण.

सीतापुर(संवाददाता):विकास खंड पहला के ग्राम चुनका में स्थित उचित दर विक्रेता की दुकान का बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, कार्डधारकों के रजिस्टर, खाद्यान्न प्राप्ति प्रमाण-पत्र और स्टॉक रजिस्टर की गहन पड़ताल की। इसके साथ ही उन्होंने मिड-डे-मील के तहत वितरित होने वाले राशन से जुड़े अभिलेखों और अन्त्योदय कार्डधारकों की सूची का भी मिलान किया।

जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि सभी कार्डधारकों को तय मात्रा में समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से राशन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि वितरण में घटतौली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी; गड़बड़ी मिलने पर सीधे कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।

निरीक्षण के दौरान पूर्ति निरीक्षक रूपेश जैन द्वारा कार्यों में लापरवाही बरतने और दुकानों का नियमित निरीक्षण न करने की बात सामने आई। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने संबंधित पूर्ति निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। डीएम के इस औचक निरीक्षण से कोटेदारों और संबंधित विभाग में हड़कंप मचा रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ