सीतापुर(संवाददाता)। कोतवाली नगर पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर बदमाशों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए दो एंड्रॉइड मोबाइल, 150 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर बाइकें बरामद की हैं।
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंची पुल के पास से तुलसनपुर निवासी लवकुश पाल, खुपपुर निवासी अंकुर राजवंशी, कैंची पुल निवासी रुद्र तिवारी और परसेड़ा निवासी अभिषेक वर्मा को दबोचा गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे महंगे शौक पूरा करने के लिए सुनसान रास्तों पर राहगीरों व साइकिल सवारों को निशाना बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपी रुद्र तिवारी पर पहले से भी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम ने 16 सितंबर को लालबाग अग्रसेन पार्क के पास हुई लूट का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया।

0 टिप्पणियाँ