#सीतापुर:शहनाइयों की गूंज के बीच 530 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, आरएमपी मैदान में भव्य आयोजन.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): आरएमपी इंटर कॉलेज मैदान में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य समारोह आयोजित हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जिलेभर के 530 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

बेटियों के सम्मान का संकल्प समारोह को संबोधित करते हुए कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि यह योजना निर्धन परिवारों के लिए बड़ा संबल है। सरकार बेटियों के स्वाभिमान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने कहा कि आर्थिक अभाव अब बेटियों के विवाह में बाधा नहीं बनेगा। एमएलसी पवन सिंह चौहान, विधायक ज्ञान तिवारी, रामकृष्ण भार्गव व मनीष रावत ने भी विचार रखे।

प्रति जोड़े ₹1 लाख का प्रावधान डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़े ₹1,00,000 की व्यवस्था की गई। इसमें ₹64,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे गए, ₹21,000 की उपहार सामग्री दी गई तथा ₹15,000 आयोजन व्यवस्था पर व्यय हुए।


विकास खंडवार भागीदारी बिसवां से सर्वाधिक 79, हरगांव से 70, सिधौली से 59, महमूदाबाद से 54, परसेंडी से 47, लहरपुर व रामपुर मथुरा से 44-44, सकरन से 35, मिश्रिख से 26, पहला से 20, महोली से 17, बेहटा से 14, गोंदलामऊ से 12 सहित नगर निकायों के जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। मौके पर सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी सहित अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ