वॉइस ऑफ सीतापुर ब्यूरो,सीतापुर: जनपद के थानगांव थाना क्षेत्र में छह वर्ष की मासूम से दरिंदगी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, थानगांव इलाके में बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के बाद पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आरोपी की धरपकड़ के लिए सख्त निर्देश दिए थे। मंगलवार तड़के करीब छह बजे पुलिस टीम ने ग्राम बेर्रा के निकट घेराबंदी की, जहां खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर गोली चला दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में आरोपी जख्मी होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त अवधराम उर्फ भोले शंकर निवासी सधुपुर महरिया, सदरपुर के रूप में हुई है। घायल को उपचार के लिए सीएचसी रेउसा में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से 12 बोर का एक अवैध तमंचा, कारतूस व नकदी बरामद की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ