सेवा संकल्प अभियान: सीतापुर में 322 दिव्यांगजनों को मिले कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण.

राजा कॉलेज मैदान में भव्य वितरण समारोह; कंप्यूटर व शादी अनुदान प्रमाणपत्र भी बांटे गए.

सीतापुर (संवाददाता)। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राजा कॉलेज मैदान, लालबाग में वृहद वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 322 दिव्यांगजन लाभार्थियों को आधुनिक कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके साथ ही तकनीकी शिक्षा के तहत ओ-लेवल व सीसीसी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों और शादी अनुदान योजना के पात्रों को प्रमाणपत्र भी सौंपे गए।

उपकरणों की सूची: किसे क्या मिला.समारोह में विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार उपकरण बांटे गए। इनमें 211 ट्राईसाइकिल, 36 बैसाखी, 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 15 व्हील चेयर, 13 स्मार्ट केन, 12 श्रवण यंत्र, 10 मानसिक मंदित किट और 10 लेप्रोसी किट शामिल रहीं। सहायक उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे।

जनप्रतिनिधियों ने कहा: आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु जी' ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है। कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि यह अभियान सेवा और जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण है, जिससे पात्रों को सीधे राहत मिल रही है। नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि ऐसे उपकरणों से दिव्यांगजन दैनिक जीवन में दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय स्वावलंबी बन सकेंगे।

प्रशासन की प्राथमिकता: मुख्यधारा से जोड़ना.जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें सशक्त करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर शेष पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन करें, ताकि कोई भी जरूरतमंद लाभ से वंचित न रहे। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ