रेउसा,सीतापुर,(संवाददाता)।विकास खंड रेउसा स्थित खेल मैदान में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य वैवाहिक समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस समारोह में कुल 150 नवदंपतियों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की, जिनमें 140 हिंदू और 10 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
कार्यक्रम में रेउसा ब्लॉक से सर्वाधिक 54, रामपुर मथुरा से 33, बेहटा से 20, सकरन व लहरपुर से 21-21 तथा बिसवां से 1 जोड़े का विवाह पूरे विधि-विधान व रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर 1 लाख रुपये का व्यय तय है। इसमें कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की नकद सहायता, 21 हजार रुपये का वैवाहिक सामान व उपहार तथा प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था पर खर्च किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में संबंधित विकास खंड अधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ