सीतापुर(संवाददाता):शहर कोतवाली अंतर्गत सिविल लाइन इलाके में गुरुवार शाम एक मर्सिडीज कार और बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत में पुलिस अधीक्षक की सुरक्षा में तैनात आरक्षी सागर मलिक (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे आरक्षी अपनी अपाचे बाइक से तरणताल की तरफ से जीआईसी मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही मर्सिडीज कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सिपाही सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद कार चालक ने तत्परता दिखाते हुए घायल आरक्षी को अपनी ही गाड़ी से तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक सिर में गंभीर चोट आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर स्थानांतरित कर दिया गया।
बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार कांग्रेस नेत्री के पुत्र की है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों और वाहन की गति का निर्धारण करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ