#सीतापुर: मानपुर में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी.

मानपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अहमदपुर गांव के पास मानपुर-तेंदुआ मार्ग पर मंगलवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान झांसापुर निवासी पुनीत गौतम के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुनीत रविवार को अपनी ससुराल अहमदपुर आया हुआ था। सोमवार शाम वह घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के बाद भी रात में उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे यूकेलिप्टस के पेड़ से उसका शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर मानपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ