खैराबाद में देखा गया उपकॉस शुभारंभ का सजीव प्रसारण, कर्मियों को बांटी गईं किट.
सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ का सजीव प्रसारण बुधवार को खैराबाद स्थित भूमिजा हाल में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति में देखा गया। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा निगम के पोर्टल, वेबसाइट और लोगो के अनावरण कार्यक्रम को सभी ने स्क्रीन पर देखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि सरकार आउटसोर्स कर्मियों के हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उपकॉस के माध्यम से सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही तय होगी। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु जी' ने कर्मियों से निष्ठापूर्वक दायित्व निभाने का आह्वान किया। वहीं जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि नई व्यवस्था से कर्मियों की कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनेगी।
समारोह में पालिका के पांच सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट और श्रम विभाग की मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस मौके पर विधायक ज्ञान तिवारी, एमएलसी पवन सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला व चेयरमैन बेबी अभिषेक गुप्ता मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ