सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।खरीफ सीजन 2026 में खेती-किसानी करने वाले जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। कृषि विभाग ने विभिन्न योजनाओं के तहत सामान्य बीज और मिनीकिट बीज प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार बीजों के वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। अब बीजों का वितरण 'पहले आओ-पहले पाओ' के बजाय 'ई-लॉटरी' के माध्यम से किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल https://agriculture.up.gov.inपर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग प्रक्रिया 22 अप्रैल, 2026 से शुरू हो चुकी है और इसके लिए
10 मई, 2026 अंतिम तिथिनिर्धारित की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी आवश्यकतानुसार बीजों की बुकिंग अवश्य सुनिश्चित कर लें।
किन फसलों के लिए मिलेगा बीज?
योजना के तहत विभिन्न दलहनी और तिलहनी फसलों के लिए सामान्य बीज और मिनीकिट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित शामिल हैं:
दलहनी फसलें: उड़द, मूंग, अरहर।
तिलहनी फसलें:तिल और मूंगफली।
अन्य:धान व ढैंचा।
मिनीकिट के लिए विशेष निर्देश
विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयनित किसानों को उड़द, मूंग, अरहर, मूंगफली व तिल की प्रमाणित और मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत मिनीकिट पूरी तरह से निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।
बीज प्राप्त करने की प्रक्रिया
ऑनलाइन बुकिंग सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना प्राप्त होगी। इसके उपरांत, किसान अपने संबंधित विकासखंड के राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर खतौनी, आधार कार्ड और पहचान पत्र की छायाप्रति दिखाकर अपना बीज प्राप्त कर सकते हैं।विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में कृषि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनके पास किसान आईडी उपलब्ध होगी।
0 टिप्पणियाँ