#सीतापुर: 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा वादों का निस्तारण

सीतापुर,(उत्तर प्रदेश)।उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर आशीष जैन के आदेशानुसार आगामी 09 मई 2026, शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायालय परिसर के साथ-साथ जिले के सभी वाह्य न्यायालयों और तहसील स्तरों पर सुनिश्चित किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव ने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर विभिन्न प्रकार के लंबित वादों का निस्तारण किया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से आपराधिक शमनीय वाद, धारा-138 पराक्रम्य लिखित अधिनियम, बैंक वसूली से जुड़े मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, विद्युत एवं जल बिल संबंधी विवाद, राजस्व वाद तथा अन्य सिविल मामले जैसे किराया, सुखाधिकार एवं विशिष्ट अनुतोष वाद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बैंक के प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों का भी निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से संभव होगा।
सचिव ने जिले के समस्त विद्वान अधिवक्ताओं और वादकारियों से आह्वान किया है कि वे अपने संबंधित मुकदमों को इस लोक अदालत में सुनवाई हेतु लगवाने के लिए संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मुकदमों का निस्तारण करवाकर वादकारी अदालती प्रक्रिया के लंबे दौर से राहत प्राप्त कर सकते हैं और आपसी सहमति से विवादों का स्थाई समाधान सुनिश्चित कर सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ