#सीतापुर:रम्पा महल पर अब प्रशासन का पूर्ण कब्जा, बनेगा हेरिटेज सेंटर

सीतापुर(उत्तर प्रदेश )शहर के ऐतिहासिक और बेशकीमती रम्पा महल को लेकर चल रही दशकों पुरानी कानूनी जंग का गुरुवार को पटाक्षेप हो गया। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. के कड़े रुख के बाद प्रशासन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर संपत्ति को अपने पूर्ण नियंत्रण में ले लिया है। अब इस परिसर में 'सीतापुर कल्चरल एवं हेरिटेज सेंटर' का निर्माण कराया जाएगा।
भारी पुलिस बल के साथ पहुंचीं सिटी मजिस्ट्रेट
गुरुवार दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडेय और नगर पालिका ईओ वैभव त्रिपाठी पुलिस बल के साथ तामसेनगंज स्थित रम्पा महल पहुंचे। प्रशासन ने परिसर में लगे तालों को खोलकर नजूल भूमि पर बनी इस संपत्ति को कब्जे में लेने की वैधानिक कार्रवाई पूरी की। गौरतलब है कि दो माह पूर्व भी प्रशासन ने यहां कार्रवाई की थी, लेकिन मामला न्यायालय पहुंचने के कारण प्रक्रिया अटक गई थी।
अदालत के आदेश पर खारिज हुई आपत्तियां
लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 12 अप्रैल 2026 को न्यायालय ने प्रशासन के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद नगर पालिका ने कब्जेदार मनोरमा शुक्ला की आपत्तियों को खारिज कर दिया था। प्रशासन ने परिसर खाली करने के लिए सात दिनों का समय दिया था, जिसकी समय सीमा समाप्त होते ही गुरुवार को यह बड़ी कार्रवाई की गई।
30 साल का ही था पट्टा, जांच में हुआ खुलासा
सरकारी जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जिस भूमि को याचिकाकर्ता 100 साल के पट्टे पर बता रहे थे, वह रिकॉर्ड में केवल 30 वर्ष (सी-साला) का था। पट्टे की अवधि वर्ष 1961-62 में ही समाप्त हो चुकी थी।
अधिकारी का कथन
न्यायालय के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आज वैधानिक कार्रवाई की गई है। यदि किसी का सामान अंदर शेष है, तो उसे हटाने की जिम्मेदारी संबंधित पक्ष की होगी। जल्द ही यहां भव्य कल्चरल सेंटर का निर्माण शुरू होगा।— वैभव त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ