सीतापुर(उत्तर प्रदेश):शासन के निर्देशानुसार जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पुलिस बल के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस औचक छापेमारी से जेल प्रशासन और बंदियों में हड़कंप की स्थिति रही। हालांकि, सघन तलाशी के बावजूद जेल के भीतर से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
बैरकों की हुई सघन पड़ताल
दोपहर के समय अचानक जिला कारागार पहुंचे दोनों उच्चाधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी और एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ विभिन्न बैरकों, भोजनालय और जेल अस्पताल का निरीक्षण किया। सुरक्षा कर्मियों ने बंदियों के सामान और बैरकों के कोने-कोने की तलाशी ली। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम दिखे।
बंदियों की सुनी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने बंदियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनके खान-पान, स्वास्थ्य और कानूनी सहायता से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए कि बंदियों की जायज समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं में कोई कोताही न बरती जाए।
जेल प्रशासन को दिए आवश्यक निर्देश
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जेल परिसर की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेल के भीतर अनुशासन बना रहे और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से जेल अधीक्षक प्रीती यादव सहित अन्य जेल अधिकारी व भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ