सीतापुर(उत्तर प्रदेश)जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. व पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने दो टूक कहा कि माननीय न्यायालयों में मुकदमों की प्रभावी पैरवी करें। साक्ष्यों को समय पर प्रस्तुत कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
गवाहों की उपस्थिति पर सख्त रुख
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अभियोजित और निर्णीत वादों के आंकड़ों का मिलान किया। उन्होंने पाया कि कई मामलों में गवाहों की अनुपस्थिति के कारण प्रक्रिया सुस्त पड़ती है। डीएम ने कड़े निर्देश दिए कि साक्षीगण के लिए निर्गत सम्मन व वारंट का तामीला समयबद्ध तरीके से हो। उन्होंने कहा कि गवाहों को सुरक्षित माहौल में कोर्ट तक लाना पुलिस और अभियोजन की संयुक्त जिम्मेदारी है।
समन्वय से थमेगा अपराध
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि पुलिस और अभियोजन विभाग के बीच बेहतर तालमेल ही न्याय की राह आसान बनाता है। वारंट और सम्मन की तामीली में किसी भी स्तर पर शिथिलता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थिति
बैठक में जनपद के समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाना और अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करना है।
0 टिप्पणियाँ