#सीतापुर: भीषण गर्मी के चलते जनपद सीतापुर के स्कूल समय में बदलाव



सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों के संचालन समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव कर दिया है। शिक्षा निदेशक बेसिक उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार अब जनपद के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
नये आदेश के तहत छात्रों के लिए पठन-पाठन का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा। विद्यालय में प्रार्थना सभा और योगाभ्यास का समय सुबह 7:30 बजे से 7:40 बजे तक तय किया गया है, जबकि मध्याह्न अवकाश सुबह 10:00 बजे से 10:15 बजे तक होगा। वहीं, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उपस्थित रहकर शैक्षणिक व प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करना होगा। मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधन को स्थानीय स्तर पर आवश्यक निर्णय लेने की छूट दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ