#सीतापुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने किया निरीक्षण, वृद्धाश्रम में सुविधाओं को परखा

सीतापुर (उत्तर प्रदेश)जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आशीष जैन के निर्देशानुसार, सचिव आलोक यादव ने मंगलवार को नैमिषारण्य तहसील मिश्रिख में स्थित लीगल एड क्लीनिक व वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोपहर दो बजे लीगल एड क्लीनिक पहुंचे सचिव ने वहां तैनात पैरा लीगल वालंटियर्स  हरिओम शुक्ला, विनय मिश्रा व छोटे मुन्ना से कार्य की प्रगति पूछी। सचिव ने क्लीनिक के अभिलेखों व रजिस्टरों का गहन निरीक्षण कर उन्हें सत्यापित किया। उन्होंने पीएलवी को निर्देश दिए कि क्लीनिक पर आने वाले आगंतुकों व श्रद्धालुओं को राज्य और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित जनहितकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताएं। साथ ही, नौ मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए ताकि पात्र लोग इसका लाभ ले सकें।
निरीक्षण के क्रम में दोपहर ढाई बजे सचिव ने वृद्धाश्रम पहुंचकर व्यवस्थाएं जांचीं। वहां सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने केयर टेकर को स्पष्ट निर्देश दिए कि वृद्धजनों की जरूरतों का विशेष ख्याल रखा जाए। उनके खान-पान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही स्वास्थ्य व चिकित्सा सुविधाओं में कोई कमी न रहे। निरीक्षण के दौरान कार्यालय लिपिक रितिकेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ