सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। कलेक्ट्रेट सभागार में बीते दिवस जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों, कर-करेत्तर राजस्व एवं सीएम डैशबोर्ड पर आधारित समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व से संबंधित लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने और प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक तहसील स्तर पर लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से करें और शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराएं। समीक्षा के दौरान राजस्व वसूली की नियमित मॉनिटरिंग के साथ ही भूमि विवादों के समाधान के लिए अधिकारियों को जनता से सीधा संवाद बढ़ाने और मौके पर जाकर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उन पर कठोर कार्यवाही करने को कहा और चेतावनी दी कि यदि प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।
आईजीआरएस शिकायतों के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापरक ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों पर जो भी आख्या लगाई जाए, वह स्पष्ट होनी चाहिए और संबंधित अधिकारी स्वयं जांच करने के साथ-साथ शिकायतकर्ता से बात भी करें, ताकि शिकायतों को डिफाल्टर की श्रेणी में आने से रोका जा सके। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह के साथ सभी उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ