लखनऊ(उत्तर प्रदेश)। राजधानी लखनऊ के विकास पुरुष और बीबीडी ग्रुप के संस्थापक, पूर्व मेयर व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अखिलेश दास गुप्ता जी की स्मृतियों को नमन करते हुए समाजसेवा का एक अनुकरणीय कार्य संपन्न हुआ। महात्मा गांधी विक्रमादित्य वार्ड स्थित नई बस्ती मैदान, उदयगंज में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंदों को निःशुल्क नजर के चश्मे वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीबीडी ग्रुप के अध्यक्ष, यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन व उ.प्र. ओलंपिक संघ के अध्यक्ष और बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष विराज सागर दास ने शिरकत की। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिराज के चेयरमैन अंकित दास उपस्थित रहे।
विकास पुरुष को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विराज सागर दास और विशिष्ट अतिथि अंकित दास ने संयुक्त रूप से श्रद्धेय डॉ. अखिलेश दास गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने डॉ. दास के व्यक्तित्व और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को याद करते हुए कहा कि वे सदैव लखनऊ के चहुंमुखी विकास के लिए समर्पित रहे। उनके द्वारा दिखाए गए सेवा मार्ग पर चलकर ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
जरूरतमंदों को मिला दृष्टि का सहारा
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे जरूरतमंद लोगों की जांच के बाद उन्हें निःशुल्क नजर के चश्मे प्रदान किए गए। चश्मा पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने आयोजकों के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।इस पुनीत कार्य में छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अरुण गुप्ता, महात्मा गांधी विक्रमादित्य वार्ड के पार्षद अमित चौधरी, बाबू बनारसी दास वार्ड के पूर्व पार्षद डॉ. पीएस जायसवाल, लखनऊ विकास मंच के अधिवक्ता कैलाश पांडे व अधिवक्ता वंदना अवस्थी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ