सीतापुर (संवाददाता)। उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होने वाली होमगार्ड्स के पदों पर चयन हेतु लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आगामी 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने गुरुवार को परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने उजागर लाल इंटर कालेज एवं आर0एम0पी0 इंटर कालेज, सीतापुर में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूरी कर ली जाएं। उन्होंने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने स्ट्रांग रूम और परीक्षा कक्षों का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा घेरा कड़ा रखा जाए ताकि कहीं भी कोई चूक न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा का आयोजन प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ