#सीतापुर: नवागत सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी ने संभाला पदभार

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।2022 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने आज जनपद सीतापुर के मुख्य विकास अधिकारी के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वे मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थीं। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर से शिष्टाचार भेंट की और जनपद के विभागीय अधिकारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की।
मूल रूप से पिथौरागढ़ की रहने वाली डॉ. दीक्षा जोशी का सफर कई युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। एमबीबीएस डिग्री धारक डॉ. जोशी ने यूपीएससी की कठिन परीक्षा में तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया 19वीं रैंक हासिल की थी। उनके अनुभव में हरदोई में संयुक्त मजिस्ट्रेट, बरेली में सहायक कलेक्टर और भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय में सहायक सचिव के रूप में कार्य करना शामिल है।
अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए नवागत सीडीओ ने कहा कि शासन की जनहितैषी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि उनके और उनकी टीम का यह निरंतर प्रयास रहेगा कि सरकार द्वारा संचालित सभी विकासपरक योजनाओं का अधिकतम लाभ सीतापुर के नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण अंचल तक पहुंचे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ