सीतापुर(उत्तर प्रदेश)जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में बुधवार को योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। सांसद सीतापुर राकेश राठौर की अध्यक्षता में आयोजित इस समीक्षा बैठक में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद राकेश राठौर ने कहा कि शासन की मंशा है कि विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे धरातल पर योजनाओं की गुणवत्ता की निरंतर निगरानी करें। कार्यों में किसी भी स्तर पर होने वाली देरी या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आवंटित बजट का सदुपयोग करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उन्हें समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभाग से संबंधित लाभार्थियों का सत्यापन समय से पूरा कर लें, ताकि भुगतान या लाभ वितरण में कोई तकनीकी अड़चन न आए।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण और कृषि संबंधी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद और जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अब तक की प्रगति रिपोर्ट मांगी और पेंडिंग कार्यों को जल्द निपटाने के लिए कहा।इस अवसर पर जिले के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ