#सीतापुर: रिश्वत लेते रंगे हाथों धरा गया बाबू,सिधौली तहसील में हड़कंप


सिधौली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।तहसील सिधौली में भ्रष्टाचार के खिलाफ बीते दिवस लखनऊ से आई एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वरिष्ठ बाबू को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। तहसील में तैनात बाबू अनुपम श्रीवास्तव को एक किसान से दाखिल-खारिज के एवज में रिश्वत लेते हुए जाल बिछाकर दबोचा गया। इस कार्रवाई से पूरी तहसील में हड़कंप मच गया और कई अन्य कर्मचारी मौका पाकर खिसक लिए।
जानकारी के अनुसार, अटरिया थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उसकी जमीन के दाखिल-खारिज के बदले बाबू अनुपम श्रीवास्तव लगातार पैसों की डिमांड कर रहा है। बताया जाता है कि बाबू ने काम करने के बदले कुल एक लाख सात हजार रुपये की घूस मांगी थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एंटी करप्शन की टीम ने सिधौली तहसील में जाल बिछाया और जैसे ही बाबू ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
बाबू अनुपम श्रीवास्तव का विवादों से पुराना नाता रहा है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि जब यह बाबू सीतापुर सदर तहसील में तैनात था, तब भी इसके ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। आरोप है कि उस दौरान इसने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर दर्जनों बेरोजगारों से लाखों रुपये ऐंठे थे। सदर तहसील में बार-बार मिली शिकायतों और जांच के बाद ही इसे वहां से हटाकर सिधौली भेजा गया था, लेकिन यहां भी इसने अपनी कार्यशैली नहीं बदली।
अचानक हुई इस छापेमारी और बाबू की गिरफ्तारी के बाद तहसील कार्यालय में सन्नाटा पसर गया है। एंटी करप्शन टीम गिरफ्तार बाबू को अपने साथ लखनऊ ले गई है, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई ने तहसील प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ