#सीतापुर: सीतापुर की दरी कला को लगेंगे पंख, एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत मिलेगा अनुदान


सीतापुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद की पारंपरिक दरी कला को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपायुक्त उद्योग करूणा राज ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सीतापुर में दरी उत्पाद को इस योजना के मुख्य केंद्र में रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति पात्र है और इसके लिए शैक्षिक योग्यता की कोई अनिवार्य बाध्यता नहीं रखी गई है।
                         (काल्पनिक चित्र )
योजना के स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि ऋण की सुविधा उद्योग, सेवा और व्यवसाय इन तीन श्रेणियों में कार्य करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रदान की जाएगी। सरकार द्वारा इस योजना के अंतर्गत 25 प्रतिशत सब्सिडी का भी महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। विशेष बात यह है कि परियोजना के लिए अधिकतम ऋण की कोई उच्च सीमा तय नहीं की गई है, जिससे बड़े स्तर पर उद्योग लगाने के रास्ते भी खुल गए हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को अपनी परियोजना लागत का केवल 05 से 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान लगाना होगा, जबकि शेष पर नियमानुसार अनुदान देय होगा। इच्छुक आवेदक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल https://msme.up.gov.inपर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र आरक्षित वर्ग हेतु, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर जैसे आवश्यक दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ