सांडा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। भोलागंज-बिसवां मार्ग पर मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में साले और बहनोई की मौत हो गई, जबकि इस दुर्घटना में बीच में बैठी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
क्या है पूरा मामला
बिसवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सांडा निवासी जुनैद (33) पुत्र साविर मंगलवार रात करीब 9 बजे अपनी बाइक से बहन स्वालिहा और बहनोई अनीस (55) को मोंचकला बिसवां छोड़ने जा रहे थे। भोलागंज-बिसवां मार्ग पर पुरैनी गांव के पास सामने से आ रही उमेश पुत्र मैकू निवासी पिपरा खुर्द, थाना सदरपुर की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम
हादसे में जुनैद और अनीस गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं स्वालिहा को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सीएचसी बिसवां ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया। सीतापुर में हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी बाइक सवार उमेश की हालत भी नाजुक बनी हुई है।
परिवार का सहारा छिन गया
मृतक जुनैद अपने परिवार का इकलौता सहारा थे और सांडा में लोहे की वेल्डिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से तीन छोटी-छोटी बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।
0 टिप्पणियाँ