#सीतापुर में मेधावियों के हाथों हुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास, डीएम ने बढ़ाया हौसला

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ‘क्रिटिकल गैप्स की पूर्ति’ योजना के तहत बरई जलालपुर में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  का शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसका शिलान्यास प्रशासनिक अधिकारियों के बजाय जिले की दो मेधावी छात्राओं द्वारा किया गया।
मेधावियों को मिला सम्मान
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की परीक्षाओं में जिले का नाम रोशन करने वाली हाईस्कूल की टॉपर कशिश वर्मा और इंटरमीडिएट की टॉपर  शिखा वर्मा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। जिलाधिकारी राजागणपति आर० की गरिमामयी उपस्थिति में इन दोनों छात्राओं ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और आधारशिला रखकर भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
डीएम ने दी सफलता की सीख
शिलान्यास के बाद जिलाधिकारी राजागणपति आर० ने दोनों मेधावियों से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से उनके परिवार और पढ़ाई की दिनचर्या के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने उनकी इस बड़ी उपलब्धि के लिए सराहना करते हुए कहा, "आपकी यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा है। इसी लगन और निरंतरता के साथ पढ़ाई जारी रखें, ताकि भविष्य में उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और देश की सेवा कर सकें।" उन्होंने छात्राओं को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
74.88 लाख की लागत से होगा निर्माण
उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा निर्मित किए जाने वाले इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की लागत 74.88 लाख रुपये है। इस केंद्र के बनने से क्षेत्र के ग्रामीण निवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उनके घर के नजदीक ही सुलभ हो सकेंगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ