#सीतापुर: स्कूल परिसर में अमरूद के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

नैमिषारण्य सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।थाना क्षेत्र के रामपुर खेउटा ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय छोटा रामपुर में बृहस्पतिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब विद्यालय परिसर में एक युवक का शव पेड़ से लटका पाया गया। खास बात यह है कि मृतक के पैर जमीन से छू रहे थे, जिससे घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों में कोहराम, संदेहास्पद है मौत की स्थिति
रामपुर खेउटा निवासी जयराम (22) का शव स्कूल परिसर में लगे अमरूद के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिला। सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय यह है कि जिस डाल से शव लटका था, उसकी ऊंचाई काफी कम थी और मृतक के पैर जमीन को स्पर्श कर रहे थे। इन परिस्थितियों ने मौत के कारणों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अभी तक परिजनों ने किसी पर कोई लिखित आरोप नहीं लगाया है।
चंडीगढ़ से पांच दिन पहले ही लौटा था घर
मृतक जयराम चंडीगढ़ में वेल्डिंग का काम करता था और लंबे समय से वहीं रह रहा था। वह अभी बीते 25 अप्रैल को ही अपने गांव आया था। ग्रामीणों ने बताया कि जयराम बेहद मिलनसार स्वभाव का था और उसे कभी किसी तनाव या परेशानी में नहीं देखा गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा है।
शिक्षकों ने दी पुलिस को सूचना
विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक सुनील कुमार मौर्य ने बताया कि स्कूल में कुल चार शिक्षक तैनात हैं, जिनमें से दो की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगी है। सुबह ग्रामीणों ने फोन पर उन्हें इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद तत्काल इंचार्ज प्रधानाध्यापक महेंद्र कुमार सरोज और पुलिस को सूचित किया गया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ