सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण और जिला प्रशासन के सहयोग से जिले के स्कूलों में बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीतापुर स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल में 1 अप्रैल से आयोजित कैंप में अब तक 300 बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट किया गया। इस दौरान बच्चों को जागरूक करने के लिए स्कूल में पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में पहुंचे यूआईडीए के उपनिदेशक आदित्य प्रकाश वाजपेई और स्कूल की प्राचार्या रश्मी वर्मा ने बच्चों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया। उपनिदेशक ने जानकारी दी कि अगले महीने से नवीन चौक के पास 16 आधार किटों वाला एक नया केंद्र शुरू होगा, जिससे जनता को आधार सेवाओं में और आसानी होगी। इस मौके पर मीडिया प्रबंधक अकरम अली और आधार सेवा केंद्र के प्रबंधक अनुज श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है। इसके बिना स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, बोर्ड परीक्षा पंजीकरण और सरकारी योजनाओं के लाभ में बाधा आ सकती है।
प्रशासन ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों का आधार अपडेट प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराएं।
0 टिप्पणियाँ