#सीतापुर:डिजिटल जनगणना में भागीदारी से संवरेगा जिले का भविष्य: डीएम

सीतापुर(उत्तर प्रदेश) जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए जनपदवासियों का सहयोग अनिवार्य है। इस बार तकनीक का उपयोग करते हुए डिजिटल जनगणना की जा रही है, जिसमें नागरिक स्वयं भी अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। सटीक आंकड़े ही विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का आधार बनेंगे।

07 मई से पोर्टल पर घर बैठे दर्ज कर सकेंगे विवरण
जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक 07 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी गणना स्वयं कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट जारी कर दी गई है। यह प्रक्रिया न केवल समय बचाएगी, बल्कि आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित करेगी।

22 मई से शुरू होगा मकानों के सूचीकरण का महाभियान
स्व-गणना की समय सीमा समाप्त होते ही 22 मई से 20 जून 2026 तक जनगणना का प्रथम चरण शुरू होगा। इस दौरान प्रशासनिक अमला और गणनाकार घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण और गणना करेंगे। डीएम ने नागरिकों से अपील की है कि वे गणनाकारों को सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।

 राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की अपील
डॉ. राजा गणपति आर. ने जोर देकर कहा कि 'सटीक गणना, सशक्त भविष्य' ही इस अभियान का मुख्य ध्येय है। उन्होंने जनपद के प्रबुद्ध वर्ग, ग्राम प्रधानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आमजन को इस डिजिटल प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें ताकि कोई भी परिवार इस महत्वपूर्ण कार्य से वंचित न रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ