#सीतापुर: सीतापुर में रफ्तार का कहर ,दो की मौत


रेउसा,सीतापुर(उत्तरप्रदेश)। थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में एक आठ माह की मासूम बच्ची और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद दोनों ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई है और क्षेत्र में शोक की लहर है।

दादी की गोद में थी मासूम, बाइक ने मारी टक्कर
पहला हादसा रेउसा-तंबौर मार्ग पर नरेंद्र शुक्ला अस्पताल के पास हुआ। कहारनपुरवा मजरा जटपुरवा निवासी कमलेश की आठ माह की बेटी कोमल बीमार थी। उसके दादा-दादी उसे दवाई दिलाने रेउसा के एक निजी अस्पताल लाए थे। दवाई लेकर लौटते समय दादी अपनी पोती को गोद में लेकर सड़क पार कर रही थीं, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची दादी की गोद से छिटककर दूर जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दादी को भी चोटें आई हैं।

केला नर्सरी के कर्मचारी को पिकअप ने कुचला

दूसरी घटना भिठौली के पास की है। सदरपुर थाना क्षेत्र के घनापुर मजरा भिनौनी निवासी जितेंद्र दीक्षित 38 पुत्र राम प्रसाद दीक्षित, रेउसा-तंबौर मार्ग पर संचालित एक केला नर्सरी में काम करते थे। रविवार को वह बाइक से दूध लेने भिठौली जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर के बाद पिकअप पलट गई और चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को सीएचसी रेउसा से ट्रामा सेंटर बहराइच रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ