#सीतापुर: दिव्यांगजनों को मिलेंगे कृत्रिम अंग और उपकरण, ब्लॉक स्तर पर लगेंगे चिन्हांकन शिविर


 
सीतापुर (उत्तर प्रदेश)।दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विकास खंड स्तर पर विशेष चिन्हांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य है, जिसे विभागीय पोर्टल https://divyangjanup.upsdc.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है।
शिविरों के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम दिव्यांगजनों का परीक्षण करेगी और उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों की संस्तुति करेगी। योजना के तहत पात्र होने के लिए आवेदक के पास मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। साथ ही, पारिवारिक वार्षिक आय सीमा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 46,080 रुपये और शहरी क्षेत्रों के लिए 56,460 रुपये निर्धारित की गई है। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र तहसीलदार, सांसद, विधायक, नगर निकाय अध्यक्ष अथवा ग्राम प्रधान द्वारा प्रमाणित होना चाहिए।
आवेदकों को शिविर में अपने साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र या यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, एक पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। शिविर स्थल पर ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को कंप्यूटर ऑपरेटर और तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चिन्हांकन शिविरों का कार्यक्रम इस प्रकार है: रेउसा 25 अप्रैल, सकरन 27 अप्रैल, महमूदाबाद 29 अप्रैल, रामपुर मथुरा 2 मई, बिसवां 5 मई, बेहटा 7 मई, लहरपुर 11 मई, परसेण्डी 14 मई, पिसावां 16 मई, पहला 18 मई, खैराबाद 20 मई, एलिया 22 मई, महोली 25 मई, हरगांव 28 मई, मछरेहटा 30 मई, गोंदलामऊ 1 जून, कसमण्डा 3 जून, सिधौली 5 जून और मिश्रिख में 8 जून 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक शिविर विकासखंड परिसर में आयोजित होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पा करने का निर्देश दिया है ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। इन शिविरों के सुचारू संचालन हेतु संबंधित सहायक विकास अधिकारी, समाज कल्याण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ