खैराबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद में फरियादियों की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को 'थाना समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। इसी क्रम में थाना खैराबाद में आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
प्राथमिकता पर निस्तारित करें समस्याएं
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने कहा कि शासन की मंशा है कि आम जनमानस की समस्याओं का समाधान उनके निकटतम स्थान पर ही हो जाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका न्यायोचित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी हो और फरियादी को संतुष्टि मिले। इस दौरान थाना परिसर में पहुंचे ग्रामीणों ने जनसमस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र दिए, जिन्हें संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने का निर्देश दिया गया।
0 टिप्पणियाँ