सीतापुर(उत्तरप्रदेश)।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उ.प्र. होमगार्ड्स के पदों पर चयन हेतु लिखित परीक्षा का आज प्रथम दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
पारदर्शिता को लेकर प्रशासन सख्त
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए और अराजक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए थे। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही उन्हें भीतर जाने की अनुमति दी गई। केंद्र के भीतर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही थी।
भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा
अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रथम दिन की परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई।
0 टिप्पणियाँ