सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर आगामी नौ मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा है इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सोमवार को प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव ने जनपद के समस्त नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक की।
वाद निस्तारण का अकड़ा पिछली बार से हो बेहतर
बैठक में सचिव आलोक यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नौ मई को होने वाली लोक अदालत में वादों के निस्तारण का आंकड़ा पिछली बार से बेहतर होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने निकायों में लंबित राजस्व, जलकर, गृहकर व अन्य विवादित मामलों को अभी से चिन्हित करना शुरू कर दें। उन्होंने जोर दिया कि पक्षकारों को नोटिस भेजकर उनके मामलों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने का हरसंभव प्रयास किया जाए।
पूर्ति विभाग को विशेष निर्देश
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी भी उपस्थित रहे। सचिव ने उनसे विभाग से जुड़े पुराने और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्ति विभाग से संबंधित मामलों में यदि कोई तकनीकी अड़चन है, तो उसे समय रहते दूर किया जाए, ताकि लोक अदालत के दिन अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण हो सके।
न्याय की राह हुई आसान
माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आशीष जैन के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस बैठक में यह संदेश दिया गया कि लोक अदालत सस्ता और सुलभ न्याय पाने का सबसे बेहतर माध्यम है। प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य है कि लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचकर लोग आपसी सहमति से विवाद खत्म करें।
0 टिप्पणियाँ