तालगांव,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बिजली विभाग की एक और बड़ी लापरवाही के कारण एक बेगुनाह बुजुर्ग महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। तालगांव कोतवाली इलाके के उलकापुर गांव में सुबह तड़के शौच के लिए निकली एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला रास्ते में टूटकर गिरे 11,000 वोल्ट के हाईवोल्टेज जर्जर तार की चपेट में आ गई। करंट का झटका इतना जोरदार था कि महिला की मौके पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक महिला के परिवार में कोहराम मच गया है और बिजली विभाग के खिलाफ पूरे गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सुबह के धुंधलके में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उलकापुर गांव की रहने वाली रामप्यारी (70) पत्नी मुल्लू राम रोज की तरह सुबह करीब 6:00 बजे घर से शौच के लिए गांव के उत्तर दिशा की तरफ गई थीं। इसी दौरान उपखंड लहरपुर के शेरपुर फीडर से संचालित होने वाली 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का एक जर्जर तार टूटकर रास्ते में गिरा हुआ था। सुबह के धुंधलके में बुजुर्ग महिला इस बात से अनजान थीं और जैसे ही उनका पैर उस चालू लाइन के तार पर पड़ा, वह उसकी चपेट में आ गईं और पल भर में उनकी सांसें थम गईं।
दशकों पुराने लोहे के जर्जर तार
इस दर्दनाक हादसे के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा गुस्सा देखने को मिला। ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि इस इलाके में दशकों पुराने लोहे के बेहद जर्जर तार दौड़ रहे हैं। इन कमजोर और पुराने तारों के कारण आए दिन इस लाइन में कहीं न कहीं टूट-फूट होती रहती है और लगातार हादसे सामने आते हैं।
शिकायतों के बाद भी विभाग मौन
ग्रामीणों ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन खतरनाक तारों को बदलवाने के लिए उन्होंने कई बार बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखित में प्रार्थना पत्र दिए। लेकिन कुंभकर्णी नींद में सोए विभाग ने आज तक इस समस्या की कोई सुध नहीं ली। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की इसी घोर अनदेखी और लापरवाही का नतीजा आज एक बुजुर्ग महिला की मौत के रूप में सामने आया है।
0 टिप्पणियाँ