थानगांव,सीतापुर(उत्तर प्रदेश) जिले के थानगांव थाना क्षेत्र के इसरौली गांव में बृहस्पतिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक नवविवाहित जोड़े के शव उनके ही घर में मिले। सनकी पति ने आंगन में सो रही अपनी चार माह की गर्भवती पत्नी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने कमरे के अंदर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आला अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
विदाई को लेकर चल रहा था विवाद
दीपू भार्गव की शादी बीते वर्ष 9 मई 2025 को रेउसा थाना क्षेत्र के हरिहरपुर नेवादा निवासी मेवालाल की पुत्री छाया देवी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विदाई की बात को लेकर अनबन चल रही था। विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला पंचायत तक पहुंच गया। दो दिन पहले 19 मई 2026 को ही संभ्रांत लोगों की मध्यस्थता और पंचायत के बाद छाया को उसकी ससुराल भेजा गया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह विदाई उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगी।
(मृतका के परिवारजन)
चारपाई पर सोते समय किया हमला
बृहस्पतिवार तड़के जब छाया देवी आंगन में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रही थी, तभी दीपू ने उस पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। उसने छाया के चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद खौफजदा दीपू ने घर के अंदर जाकर फांसी लगा ली। सुबह जब ग्रामीणों को इस दोहरे सुसाइड और मर्डर मिस्ट्री का पता चला, तो पूरे गांव में कोहराम मच गया।
ससुरालियों पर हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता मेवालाल व अन्य परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पिता ने आरोप लगाया है कि छाया चार महीने की गर्भवती थी। उन्होंने दामाद दीपू, ननद, सास और ससुर पर मिलकर बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, सीओ महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष विमल गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मामले पर पुलिस का बयान:
"शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"
0 टिप्पणियाँ