बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):तहसील क्षेत्र के बिसवां कस्बे के शहरी सराय में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक चचेरे भाई ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए अपने ही 12 साल के भाई को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को अपने ही बंद घर में बिस्तर के नीचे छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शाम को हुआ था लापता
जानकारी के अनुसार, अल्तमस (12 वर्ष) पुत्र हमीद शनिवार शाम करीब 5 बजे अचानक घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला, तो परिजनों ने रात करीब 11 बजे बिसवां थाना पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर इलाके में तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अल्तमस को आखिरी बार उसके ताऊ के घर के पास देखा गया था। जब उसके ताऊ के बेटे मुदस्सिर के बंद घर की तलाशी ली गई, तो वहां का नजारा देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अल्तमस का शव कमरे में बिस्तर के नीचे पड़ा हुआ था।
"शव को देखकर प्रतीत होता है कि पहले बच्चे का गला घोंटा गया और फिर गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया। आरोपी मुदस्सिर को हिरासत में ले लिया गया है, जिसने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की बात कबूली है।" — अमन सिंह, क्षेत्राधिकारी , बिसवां।
पुरानी रंजिश बनी काल
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मुदस्सिर और मृतक के परिवार के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी का बदला लेने के लिए आरोपी ने मासूम को निशाना बनाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
0 टिप्पणियाँ