सीतापुर (उत्तर प्रदेश):कोतवाली देहात क्षेत्र के नैपालापुर बाजार में उस समय मानवता की मिसाल देखने को मिली, जब पुलिस टीम ने रास्ता भटके एक मासूम बच्चे को न सिर्फ सुरक्षित बरामद किया, बल्कि त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने लाडले को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
अकेला घूमता मिला बालक
जानकारी के मुताबिक, थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी नैपालापुर बाजार में एक छोटा बच्चा लावारिस हालत में अकेला घूमता हुआ पाया गया। पुलिसकर्मियों ने बच्चे को डरा हुआ देख उसे दुलार कर अपनी सुरक्षा में लिया और नैपालापुर चौकी ले आए।
पूछताछ में खुला पहचान का राज
चौकी में तैनात पुलिस कर्मियों ने जब प्यार से बच्चे का नाम पूछा, तो उसने अपनी पहचान आशीष पुत्र बिन्दु, निवासी ग्राम सरभगापुर थाना इमलिया सुल्तानपुर के रूप में दी। बच्चे ने बताया कि वह पैदल घूमते-घूमते घर से काफी दूर नैपालापुर तक आ गया था और वापस जाने का रास्ता भूल गया था।
परिजनों ने जताया आभार
पुलिस ने बिना समय गंवाए बच्चे के परिजनों को तलाश कर उन्हें चौकी बुलाया। आवश्यक पुष्टि करने के बाद मासूम को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। इस सराहनीय कार्य में नैपालापुर चौकी प्रभारी महिला उपनिरीक्षक गीता सिंह, आरक्षी शुभम कुमार व आरक्षी संजय कुमार की भूमिका अहम रही, जिनकी क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
0 टिप्पणियाँ