सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। परिवहन विभाग ने अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में डग्गामार बसों और ओवरलोड डंपरों को पकड़कर सीज किया गया है। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
महोली, लहरपुर समेत कई स्थानों पर घेराबंदी
श्री चतुर्वेदी ने बताया कि महोली, लहरपुर, रोडवेज वर्कशॉप और परिवहन कार्यालय में जांच अभियान के दौरान पकड़े गए वाहनों को सीज किया गया है इस दौरान दो डग्गामार बसों और सात ओवरलोड डंपरों सहित कुल 14 वाहनों को पकड़ा गया। इन सभी वाहनों को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। विभाग ने इन पर कुल 5 लाख 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
जानलेवा साबित हो रही ओवरलोडिंग
अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहन न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि ये सड़क हादसों का बड़ा कारण भी बन रहे हैं। क्षमता से अधिक भार होने के कारण ये वाहन अचानक अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। इसके अलावा, भारी वजन सड़कों की गुणवत्ता को भी तेजी से खराब कर रहा है, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों का नुकसान हो रहा है।
सख्ती जारी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा
परिवहन विभाग ने दो टूक कहा है कि जनपद में किसी भी स्थिति में ओवरलोड वाहनों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस संयुक्त छापेमारी में एआरटीओ, जिला खनन अधिकारी, तहसीलदार लहरपुर के अलावा प्रवर्तन आरक्षी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ