# सीतापुर: वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता शिविर, वृद्धजनों को बताए गए उनके कानूनी अधिकार.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बीते दिवस नैमिषारण्य स्थित वृद्धाश्रम में विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कानून की बारीकियों से रूबरू हुए वृद्धजन
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आलोक यादव ने शिविर को संबोधित करते हुए 'माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007' के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वृद्धजनों को बताया कि कानून उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए किस प्रकार ढाल बनकर खड़ा है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर प्राधिकरण उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
 आश्रम का किया औचक निरीक्षण
जागरूकता शिविर के उपरांत सचिव आलोक यादव ने वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान आश्रम में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सचिव ने मौके पर मौजूद केयर टेकर को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वृद्धजनों के खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर पौष्टिक भोजन और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
पराविधिक स्वयंसेवकों को दिए दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान सचिव ने उपस्थित पराविधिक स्वयंसेवकों  को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन वृद्धाश्रम का दौरा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक नियमित रूप से वृद्धजनों की कुशलक्षेम पूछें और उन्हें विधिक सहायता के साथ-साथ आवश्यक परामर्श भी प्रदान करें। इस अवसर पर कार्यालय के लिपिक अशोक कुमार राणा और रितिकेश श्रीवास्तव सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ