सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद के गरीब परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नए वित्तीय वर्ष के लिए शासन ने सीतापुर को 1619 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य आवंटित किया है। जिला प्रशासन ने इसके लिए पोर्टल खोल दिया है, जहाँ पात्र अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। खास बात यह है कि इस बार लक्ष्य में पिछले वर्ष के मुकाबले 1.5 गुना की बढ़ोत्तरी की गई है, जिससे अधिक परिवारों को योजना का लाभ मिल सकेगा।
पात्रता की होगी ग्राम स्तर पर जाँच
योजना के तहत पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवेदन के बाद कड़ी जांच प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल यादव ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद युवक और युवती के मूल निवास यानी उनके गांवों में जाकर स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। इस सत्यापन में पात्रता सिद्ध होने के बाद ही जोड़े को योजना में शामिल किया जाएगा। अपात्र पाए जाने पर आवेदन तत्काल निरस्त कर दिए जाएंगे।
वधू के खाते में आएंगे 60 हजार रुपये
इस योजना के माध्यम से सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद के लिए प्रति लाभार्थी एक लाख रुपये का बजट खर्च करती है। इसमें से 60,000 रुपये की बड़ी राशि सीधे वधू के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है ताकि उनके वैवाहिक जीवन की शुरुआत सुगम हो सके। इसके अतिरिक्त 25,000 रुपये की उपहार सामग्री और 15,000 रुपये आयोजन की तैयारियों पर खर्च किए जाते हैं।
20 जून के बाद शुरू होंगे मंगल कार्य
सत्यापन की प्रक्रिया जून के प्रथम पखवाड़े तक पूरी कर ली जाएगी। चूंकि विवाह के शुभ मुहूर्त 20 जून के बाद बन रहे हैं, इसलिए प्रशासन ने इसी अवधि में समारोह आयोजित करने की योजना बनाई है। जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी नव-युगलों को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे।
0 टिप्पणियाँ